दतिया। पुलिस ने पुष्पेन्द्र उर्फ धीरेन्द्र लोधी पुत्र स्व. आशाराम लोधी, उम्र 28 वर्ष, निवासी मातेवाय बरधुवां, थाना बसई को गिरफ्तार किया है। युवक मंगलवार की रात 11 लाख रुपए की वर्ना कार से घूम रहा था। मकड़ारी रोड पर चैकिंग कर रही बसई पुलिस ने जब उसे रोक कर गाड़ी की तलाशी ली तो युवक को सलाखों के पीछे पहुंचने में देर नहीं लगी। पुष्पेंद्र की कार से पुलिस को 86.85 किलोग्राम गांजा मिला है, जिसका बाजार मूल्य करीब 9 लाख रुपए है। युवक ने कार की डिग्गी में तीन प्लास्टिक बोरियों से 84 पैकेटों में गांजा भर कर रखा हुआ था। पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने बुधवार को पत्रकारों को इसकी जानकारी दी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शिवहरे एवं थाना प्रभारी बसई नीरज कुमार भी मौजूद रहे। आरोपी से गांजे के स्रोत एवं इसके संभावित नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।