दतिया। थाना डिरौली पार क्षेत्र में रतनगढ़ माता मंदिर मार्ग पर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में 30 हजार रुपए के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने-चांदी का सामान, नगदी, मोबाइल फोन तथा एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए हैं।


जानकारी के अनुसार 14 मई को खमरौली-लोकेंद्रपुर मार्ग पर करौली के पास चार बदमाशों ने रतनगढ़ माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे भिंड जिले के ग्राम सोनी निवासी अवधेश कुशवाहा, उनकी पत्नी जूली कुशवाहा एवं भाई विवेक कुशवाहा को कट्टा अड़ाकर लूट लिया था। बदमाश सोने का मंगलसूत्र, सोने का ओम, अंगूठियां, चांदी की करधनी और नगदी लेकर फरार हो गए थे। मामले में थाना डिरौली पार में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।


पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शिवहरे, एसडीओपी सेंवढ़ा एवं थाना प्रभारी डिरौली पार यादवेंद्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों से पूछताछ की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भिंड जिले के ग्राम रतवा में दबिश देकर भूरा खान, सोहेल खान एवं एक विधि विरुद्ध बालक को पकड़ा।


पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ लूट की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों ने ग्वालियर जिले के रनगवां क्षेत्र में हुई एक अन्य लूट की घटना में शामिल होना भी कबूल किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, सोने-चांदी के आभूषण, नगदी तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।


पुलिस के अनुसार मामले में अंक़ा यादव और सहदेव वाल्मीकि निवासी ग्राम रतवा थाना मौ जिला भिंड अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी यादवेंद्र सिंह गुर्जर, उप निरीक्षक सियाराम गौड़, प्रधान आरक्षक मंशाराम कुशवाहा, राघवेंद्र सिकरवार सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।